Team India: जहां से हुई शुरुआत, वहीं ढहा टीम इंडिया का किला… 3 साल और 73 मैचों की मेहनत पर फिरा पानी - vedantsamachar.in

Team India: जहां से हुई शुरुआत, वहीं ढहा टीम इंडिया का किला… 3 साल और 73 मैचों की मेहनत पर फिरा पानी

नई दिल्ली, 29 जून : India 16 Consecutive Series Unbeaten Streak Snapped by Ireland: भारतीय क्रिकेट टीम का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में चला आ रहा अजेय सफर आखिरकार खत्म हो गया है. आयरलैंड की टीम ने अपने घरेलू मैदान पर इतिहास रचते हुए भारत को टी20 सीरीज में 2-0 से करारी शिकस्त दी. इस हार के साथ ही टीम इंडिया का पिछले कई सालों से लगातार सीरीज न हारने का शानदार और गौरवशाली रिकॉर्ड टूट गया. दिलचस्प और एक अनोखा संयोग यह है कि भारत के इस ऐतिहासिक अजेय सफर की शुरुआत साल 2023 में आयरलैंड को हराकर हुई थी, अब तीन साल बाद इस अजेय रथ का अंत भी आयरलैंड की सरजमीं पर ही हुआ है.

आयरलैंड में हुई थी ऐतिहासिक रिकॉर्ड की शुरुआत
भारतीय टीम ने पिछले 16 टी20 इंटरनेशनल असाइनमेंट (सीरीज और बड़े टूर्नामेंट) में दुनिया भर की टीमों पर एकतरफा राज किया. इस दौरान भारत ने दो बार टी20 वर्ल्ड कप और एक बार एशिया कप का खिताब भी अपने नाम किया. वहीं, एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल भी हासिल किया. लगातार 16 टी20 इंटरनेशनल असाइनमेंट ना हारना एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है, जिसकी शुरुआत अगस्त 2023 में हुई थी. तब टीम इंडिया ने आयरलैंड का दौरा किया था और जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में 2 मैचों की सीरीज को 2- से अपने नाम किया था.

इसके बाद टीम इंडिया ने टी20 सीरीज में हार का सामना नहीं किया. इस दौरान भारत ने एशियन गेम्स 2023 में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. 2024 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब भी जीता और फिर 2026 में अपने इस टाइटल को डिफेंड भी करके दिखाया. इन 3 सालों में टीम इंडिया ने कुल 73 टी20 मैच खेले, लेकिन कोई भी टीम भारत को सीरीज नहीं हरा सकी. इन 17 सीरीज में से सिर्फ एक ड्रॉ पर खत्म हुई. लेकिन अब आयरलैंड की सरजमीं पर भी सीरीज ना हारने का कारवां रुक गया है.

पिछले 17 टी20 इंटरनेशनल असाइनमेंट में भारत के प्रदर्शन पर
2026: आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से सीरीज हारी.
2026: टी20 वर्ल्ड कप का टाइटल डिफेंड किया.
2026: न्यूजीलैंड के खिलाफ 4-1 से सीरीज जीती.
2025: साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3-1 से सीरीज जीती.
2025: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीती.
2025: एशिया कप का खिताब जीता.
2025: इंग्लैंड के खिलाफ 4-1 से सीरीज जीती.
2024: साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3-1 से सीरीज जीती.
2024: बांग्लादेश के खिलाफ 3-0 से सीरीज जीती.
2024: श्रीलंका के खिलाफ 3-0 से सीरीज जीती.
2024: जिम्बाब्वे के खिलाफ 4-1 से सीरीज जीती.
2024: टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता.
2024: अफगानिस्तान के खिलाफ 3-0 से सीरीज जीती.
2023: साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1-1 से सीरीज ड्रॉ रही.
2023: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4-1 से सीरीज जीती.
2023: एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता.
2023: आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से सीरीज जीती.
आयरलैंड के लिए एक ऐतिहासिक लम्हा
आयरलैंड जैसी छोटी टीम के लिए वर्ल्ड चैंपियन भारत को किसी बाइलेटरल सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप करना उनके क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धियों में से एक है. आयरिश खिलाड़ियों ने दोनों ही मैचों में भारत को खेल के हर विभाग में पूरी तरह पछाड़ दिया. वहीं, हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर दुनिया पर राज करने वाली भारतीय टीम के लिए यह हार एक बड़ा वेक-अप कॉल है. टीम इंडिया को अब इंग्लैंड का सामना करना है और इस सीरीज में भी स्क्वॉड यही रहने वाला है, जो भारत के लिए एक बड़ी चुनौती होगा.