कोरबा, 29 जून (वेदांत समाचार)। बालको थाना क्षेत्र के नवाडीह जंगल में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर बालको पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना सरपंच पति राय सिंह कंवर ने थाना बालको को दी। सूचना पर थाना प्रभारी युवराज तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
घने जंगल और दुर्गम रास्ता होने के कारण मौके तक पहुंचने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मृतका की पहचान 20 वर्षीय सपना धनुवार पिता हरिराम धनुवार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही कुसमंडा थाना में दर्ज कराई गई थी और पिछले करीब 20 दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस को शव के पास एक संदिग्ध जहर की शीशी भी बरामद हुई है। हालांकि मौत के कारणों का अभी अधिकारिक रूप से पता नहीं चल सका है।

