मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी,26 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंडरदेही में सड़क किनारे खेल रहे एक मासूम बच्चे को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने करीब 70 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद नेशनल हाईवे-930 पर ग्राम कोरकुट्टी के पास ट्रक को घेराबंदी कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच ग्राम गुंडरदेही में एक मासूम सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बिना रुके ट्रक लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही अंबागढ़ चौकी पुलिस सक्रिय हो गई और ट्रक को पकड़ने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया गया। सबसे पहले मोहला थाना क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर ट्रक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय बैरिकेड्स तोड़ दिए। इस दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और चालक तेज गति से महाराष्ट्र सीमा की ओर भाग निकला।
इसके बाद मानपुर थाना क्षेत्र में भी बैरिकेडिंग की गई, लेकिन आरोपी चालक वहां भी बैरिकेड्स तोड़कर फरार हो गया। पुलिस लगातार वायरलेस के माध्यम से ट्रक की लोकेशन साझा करती रही और कई थानों की पुलिस संयुक्त रूप से पीछा करती रही।
आखिरकार नेशनल हाईवे-930 पर ग्राम कोरकुट्टी के समीप पुलिस ने ट्रक को घेर लिया। पीछा किए जाने के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए ट्रक का पंजीयन क्रमांक MH 40 CT 6621 बताया जा रहा है।
फिलहाल आरोपी चालक पुलिस हिरासत में है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक शराब या किसी अन्य नशे के प्रभाव में था या नहीं। मेडिकल परीक्षण के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पूछताछ के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर मासूम की मौत से ग्राम गुंडरदेही में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और हादसे से संबंधित साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। आरोपी चालक से पूछताछ जारी है तथा जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

