नालंदा। जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के शिवशंकरपुर गांव में कल गुरुवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब खाना खाकर लौट रहे 60 वर्षीय सूरत पासवान को गोली मार दी गई। गोली बुजुर्ग व्यक्ति के पेट में लगी और आर-पार निकल गई। गंभीर हालत में पहले उन्हें हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल, फिर पावापुरी विम्स और बाद में बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ के निजी अस्पताल ले जाया गया,जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
घात लगाए हमलावरों ने किया फायरिंग परिजनों ने बताया कि सूरत पासवान शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 12:30 बजे लौटने के दौरान पहले से घात लगाए हमलावर ने उन पर फायरिंग कर दी। परिजनों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बेटी के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी घटना की सूचना मिलते ही हिलसा डीएसपी-2 ऋषिराज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल की पुत्री के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

