बेमेतरा,26 जून (वेदांत समाचार)। नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी एवं युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को बेमेतरा के बेरला रोड स्थित राजीव भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की। पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रांजल तिवारी ने केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रांजल तिवारी ने कहा कि लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक के मामलों से लाखों छात्रों और उनके परिवारों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास कमजोर हुआ है। उनका आरोप था कि वर्षों तक कठिन मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य असुरक्षित हो गया है, लेकिन केंद्र सरकार प्रभावी और ठोस कदम उठाने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी के कारण युवाओं में निराशा और असंतोष का माहौल है। कांग्रेस का दावा है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर और अधिक सवाल खड़े होंगे।
युवा कांग्रेस ने मांग की कि कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को अधिक सशक्त, सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि छात्रों का भरोसा बहाल हो सके।
पत्रकार वार्ता के अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मिथिलेश वर्मा ने उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सेवादल अध्यक्ष दिनेश पटेल, पार्षद रीता पांडे, ललित विश्वकर्मा सहित कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर उनकी आवाज आगे भी लगातार उठाई जाती रहेगी और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग जारी रहेगी।

