रायपुर,26 जून (वेदांत समाचार)। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अभनपुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर एक कांकेर बस ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद बाइक और मृतक का शव बस के अगले हिस्से में फंस गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। काफी मशक्कत के बाद बस के आगे फंसी बाइक और शव को बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान शिवकुमार बारले, निवासी कोड़ापार के रूप में हुई है। हादसे के बाद बस चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

