कोरबा,26 जून (वेदांत समाचार)। कोरबा में एक दुखद घटना सामने आई है। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के ढोढ़ीपारा भैसखटाल में पूर्व नगर निगम पार्षद धनसाय साहू की 18 वर्षीय बेटी मेघा साहू ने घर के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मेघा घर की बड़ी बेटी थी और 12वीं की छात्रा थी।
परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार मेघा बीते कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। वजह 12वीं कक्षा में उसका रिजल्ट उम्मीद के अनुसार न आना बताया जा रहा है। रिजल्ट ठीक न होने के बाद से वह परेशान रहने लगी थी। इसी मानसिक परेशानी के चलते उसने यह घातक कदम उठाया, ऐसी आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के वास्तविक कारणों की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।
मेघा की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पूर्व पार्षद के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोहल्ले के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। हर कोई यही कह रहा है कि एक पल की निराशा ने एक होनहार बेटी की जान ले ली। छात्रों पर परीक्षा और रिजल्ट का दबाव अक्सर भारी पड़ जाता है। असफलता जीवन का अंत नहीं है। करियर के कई रास्ते खुले होते हैं। एक बार का रिजल्ट किसी के भविष्य का फैसला नहीं करता। ऐसे समय में परिवार, दोस्तों और शिक्षकों का सहयोग सबसे जरूरी होता है। बच्चों से बात करना, उनकी बात सुनना और उन्हें समझाना जरूरी है।

