Sakti Murder News: सक्ती में दिनदहाड़े घर में घुसकर युवती की गोली मारकर हत्या, तीन राउंड फायरिंग के बाद फरार हुए बदमाश - vedantsamachar.in

Sakti Murder News: सक्ती में दिनदहाड़े घर में घुसकर युवती की गोली मारकर हत्या, तीन राउंड फायरिंग के बाद फरार हुए बदमाश

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवती के घर में घुसकर उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान (25) के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से पंजाब की स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत थी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक बाइक से उसके घर पहुंचे। एक युवक घर के भीतर जाकर पूर्णिमा के बारे में पूछताछ करने लगा। जैसे ही वह बाहर आई, आरोपी ने उस पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगने से वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम ने पूर्णिमा को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घटना से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।