मुहर्रम से पहले कोरबा पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील - vedantsamachar.in

मुहर्रम से पहले कोरबा पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

कोरबा, 25 जून 2026 (वेदांत समाचार)। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने किया इस फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, डीएसपी डीके सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी, आस्था शर्मा, सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी, परमेश्वर राठौर, कोतवाली थाना प्रभारी एमबी पटेल सहित 180 अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे इस दौरान पुलिस बल के जवानों के साथ एएसआई मनोज राठौर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। पुलिस का यह मार्च शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा, जहां लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने का संदेश दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को रोका जा सके।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे धार्मिक आयोजनों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर फ्लैग मार्च और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे और पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।