BREAKING : मैकेनिक का अपहरण कर मांगी 50 हजार की फिरौती... - vedantsamachar.in

BREAKING : मैकेनिक का अपहरण कर मांगी 50 हजार की फिरौती…

रतनपुर,25 जून (वेदांत समाचार)। रतनपुर थाना क्षेत्र के कलमीटार भेलवापारा में एक युवक के अपहरण और फिरौती मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। प्रार्थी घनश्याम पाटले ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जून की सुबह जब वह अपने घर पर था, तब इशांत सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके साथियों ने उसे घर से बाहर बुलाया और गले पर चाकू अड़ाकर जबरन मोटर सायकल पर बैठा लिया।

आरोपी उसे कोरबा के भांवर जंगल ले गए, जहाँ उसके सामने गांजा फैलाकर फोटो खींची और धमकी दी कि वह अपनी माँ को फोन कर कहे कि वह गांजा के मामले में पाली थाना में पकड़ा गया है और केस रफा-दफा करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग करे। डर के कारण प्रार्थी ने माँ को फोन किया और आरोपियों के निर्देशानुसार महामाया मंदिर बाईपास व बाद में हेलीपेड के पास रुपये लेकर बुलाया हालांकि, प्रार्थी के जीजा शैलेन्द्र कुमार ने सतर्कता दिखाते हुए पहले ही पुलिस को सूचना दे दी थी। मौके पर पहुंची रतनपुर पुलिस ने घेराबंदी कर इशांत सारथी और निखिल रजक को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि उनका साथी सोम रजक फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।