रामगढ़ महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ - vedantsamachar.in

रामगढ़ महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ

रायपुर/सरगुजा, 25 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले रामगढ़ महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने गुरुवार को सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित रामवनगमन पर्यटन परिपथ और विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला मानी जाने वाली रामगढ़ का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

29 और 30 जून को आयोजित होने वाले दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। महोत्सव को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर सीताबेंगरा, हाथी पोल, हेलीपैड, मुख्य मंच, पार्किंग स्थल, पंडाल, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शनी एवं विभागीय स्टॉलों की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित होने वाला यह महोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। इसलिए आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महोत्सव में आने वाले हजारों पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि रामगढ़ महोत्सव प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों और पुरातात्विक महत्व को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। यह आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और रोजगार के नए अवसरों को भी प्रोत्साहित करेगा। राज्य सरकार की प्राथमिकता रामगढ़ की विश्वविख्यात धरोहरों सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाओं को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है।

मंत्री ने विश्वास जताया कि रामगढ़ महोत्सव के माध्यम से सरगुजा क्षेत्र पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभरेगा और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अजीत वसंत ने भी सभी विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता वीरेंद्र चौधरी, अनुविभागीय अधिकारी रामराज सिंह, उदयपुर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

रामगढ़ महोत्सव को लेकर प्रशासन और पर्यटन विभाग पूरी तरह सक्रिय है। आयोजन स्थल पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ सुरक्षा, यातायात और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस वर्ष का रामगढ़ महोत्सव प्रदेश के सबसे यादगार और भव्य सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल होगा।