कोरबा, 25 जून (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के लिए गौरव की बात है कि घंटाघर स्थित चटकारा चौपाटी को भारत सरकार के भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा छत्तीसगढ़ का पहला ‘ईट राइट क्लीन स्ट्रीट हब’ घोषित किया गया है। यह उपलब्धि खाद्य सुरक्षा विभाग, नगर निगम कोरबा और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।
नगर निगम कोरबा द्वारा स्थापित चटकारा चौपाटी में 40 से अधिक स्ट्रीट फूड विक्रेता संचालित हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा निर्धारित स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता संबंधी कड़े मानकों को पूरा करने के बाद इसे प्रदेश के पहले क्लीन स्ट्रीट हब के रूप में मान्यता प्रदान की गई है।
इस उपलब्धि के पीछे खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों संघर्ष कुमार मिश्र और विकाश भगत की लगभग दो वर्षों की लगातार मेहनत रही। दोनों अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा आयुक्त दीपक अग्रवाल के निर्देशन में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को संगठित करने, उन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया।
प्रक्रिया के तहत चौपाटी में संचालित सभी फूड वेंडर्स को पहले खाद्य लाइसेंस उपलब्ध कराए गए। इसके बाद भारत सरकार की पहल पर सभी विक्रेताओं को खाद्य स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें एप्रन, नेपकिन, हैंडवॉश, डस्टबिन सहित अन्य आवश्यक स्वच्छता सामग्री भी उपलब्ध कराई गई, ताकि ग्राहकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिल सकें।
मान्यता प्रदान करने से पहले भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा नियुक्त थर्ड पार्टी ऑडिट एजेंसी से प्री-ऑडिट और पोस्ट-ऑडिट कराया गया। ऑडिट रिपोर्ट में सभी निर्धारित मानकों पर खरा उतरने के बाद चटकारा चौपाटी को ‘ईट राइट क्लीन स्ट्रीट हब’ का दर्जा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि विभाग का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। स्ट्रीट फूड विक्रेताओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
इस उपलब्धि से न केवल कोरबा जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है, बल्कि प्रदेश के अन्य शहरों के लिए भी यह एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभरा है। अब चटकारा चौपाटी में आने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्ट्रीट फूड का लाभ मिल सकेगा।

