कोरबा, 25 जून (वेदांत समाचार)। एसईसीएल के कुसमुंडा क्षेत्र स्थित नीलकंठ माइंस में हाजिरी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हाजिरी दर्ज करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कुसमुंडा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहले पक्ष की ओर से सोनपुरी निवासी 24 वर्षीय दीपक कंवर ने शिकायत दर्ज कराई है। दीपक नीलकंठ माइंस में चालक के रूप में कार्यरत है। उसने बताया कि वह रात करीब 9:30 बजे ड्यूटी पर पहुंचा था। किसी कारणवश उसे देर हो गई थी, जिसके बाद उसने सुपरवाइजर से हाजिरी लगाने की बात कही। इसी दौरान वहां मौजूद सचिन पटेल और रवि पटेल ने समय को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
दीपक का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की, जिससे उसके दाहिने पैर में चोट आई। घटना के समय देशु पटेल और टेशु महंत भी मौके पर मौजूद थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से नीलकंठ माइंस के सुपरवाइजर सचिन पटेल ने भी शिकायत दर्ज कराई है। सचिन के अनुसार, रात करीब 11 बजे दीपक कंवर, कृष्णा महंत, टेशु पटेल और उनके अन्य साथी टीपर वाहनों को रोक रहे थे, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा था। सूचना मिलने पर रविशंकर पटेल, भूषण पटेल और सुमित पटेल मौके पर पहुंचे और वाहन रोकने का कारण पूछा।
सचिन का आरोप है कि पूछताछ के दौरान दीपक कंवर और उसके साथियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, माइंस इंचार्ज के साथ भी अभद्र व्यवहार और गाली-गलौच की गई।
घटना के बाद कुसमुंडा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
नीलकंठ माइंस में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

