बद्रीनारायण मीणा होंगे बस्तर के नए IG, प्रशासनिक फेरबदल से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा - vedantsamachar.in

बद्रीनारायण मीणा होंगे बस्तर के नए IG, प्रशासनिक फेरबदल से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा

रायपुर, 25 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त करने का निर्णय लिया है। उनकी नियुक्ति को बस्तर संभाग की सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे अभियानों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

बस्तर रेंज प्रदेश का सबसे संवेदनशील इलाका माना जाता है, जहां नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहती है। ऐसे में अनुभवी अधिकारी बद्रीनारायण मीणा की तैनाती को सरकार की रणनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

बद्रीनारायण मीणा इससे पहले भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं और प्रशासनिक क्षमता, अनुशासन तथा प्रभावी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति से बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, नक्सल विरोधी अभियानों में तेजी लाने तथा आम नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की उम्मीद जताई जा रही है।

बस्तर संभाग में हाल के वर्षों में सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल मोर्चे पर कई बड़ी सफलताएं हासिल की गई हैं। सरकार की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति, विकास और सुरक्षा को मजबूत करना है। ऐसे में नए आईजी के रूप में बद्रीनारायण मीणा की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है।

प्रशासनिक हलकों में उनकी नियुक्ति को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में बस्तर रेंज में कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।

बद्री नारायण मीणा छत्तीसगढ कैडर के 2004 बैच के आईपीएस है। वे मूलतः राजस्थान के रहने वाले है। ग्रेजुएशन के बाद बद्री नारायण मीणा यूपीएससी क्रैक कर आईपीएस बने हैं। लगातार 9 जिलों की कप्तानी करने के अलावा तीन महत्वपूर्ण रेंज के आईजी रहे हैं। दुर्ग रेंज के दो बार आईजी बद्री नारायण मीणा रहे हैं। कम्युनिटी पुलिसिंग में विश्वास रखने वाले बद्री मीणा क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी भी हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में…

जन्म और शिक्षा:–

बद्रीनारायण मीणा छत्तीसगढ़ कैडर के 2004 बैच के आईपीएस है। वे मूल रूप से राजस्थान राज्य की राजधानी जयपुर के रहने वाले है। उनका जन्म जयपुर में 31 मई 1980 को हुआ है। उनके पिता जनगणना विभाग में कार्यरत थे। बद्री नारायण मीणा से बड़े उनके एक भाई व तीन बहन है। बद्री नारायण मीणा के बड़े भाई श्रवण मीणा उन्हीं के साथ यूपीएससी क्रैक कर 2004 बैच के आईपीएस ऑफिसर थे। पर बाद में उन्होंने फिर से यूपीएससी दिलाकर भारतीय राजस्व सेवा आयकर विभाग की नौकरी ज्वाइन कर ली। जयपुर के ही सनफ्लावर पब्लिक स्कूल से बद्री नारायण मीणा ने दसवीं तक शिक्षा ग्रहण की। राजकीय उच्चतर माध्यमिक शासकीय विद्यालय पोद्दार से उन्होंने ग्यारहवीं व बारहवीं उत्तीर्ण की। 12वीं के बाद उन्होंने जयपुर के ही राजस्थान कॉलेज से सन 2000 में ग्रेजुएशन पुरी कर बैचलर ऑफ़ आर्ट्स की डिग्री प्राप्त की।

यूपीएससी में सलेक्शन –

ग्रेजुएशन के बाद बद्री नारायण मीणा ने अपने बड़े भाई के मार्गदर्शन में यूपीएससी की तैयारी शुरू की। 2001 में उन्होंने पहली बार यूपीएससी परीक्षा दिलाई। यूपीएससी 2003 में उन्होंने यूपीएससी क्रैक किया और 2004 बैच के आईपीएस बने। उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर एलॉट हुआ।