अंबिकापुर, 24 जून 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के सैनिक स्कूल अंबिकापुर में खेल और राष्ट्रभक्ति को नई दिशा देने वाली दो महत्वपूर्ण सौगातों का लोकार्पण किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यालय में नव-निर्मित अत्याधुनिक पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सरगुजा कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वीर सैनिकों के सम्मान में स्थापित ‘परमवीर गैलरी’ का भी अनावरण किया गया।
गरिमामय माहौल में आयोजित समारोह के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल और कलेक्टर अजीत वसंत ने उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट को विद्यालय और कैडेट्स को समर्पित किया। कार्यक्रम की शुरुआत परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने ‘परमवीर गैलरी’ का उद्घाटन किया, जिसमें देश के परमवीर चक्र विजेताओं के अदम्य साहस, शौर्य, बलिदान और राष्ट्रसेवा की प्रेरक गाथाओं को प्रदर्शित किया गया है।
गैलरी का उद्देश्य विद्यार्थियों और कैडेट्स में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करना है। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि यह गैलरी युवाओं को भारतीय सेना के वीर सपूतों के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगी।
अपने संबोधन में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अधोसंरचना विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देती है। उन्होंने सैनिक स्कूल अंबिकापुर द्वारा खेल सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी, सैन्य अधिकारी और नेतृत्वकर्ता तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह के दौरान नव-निर्मित पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट पर प्रदर्शनी मैचों का भी आयोजन किया गया। कैडेट्स ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को प्रभावित किया तथा आधुनिक खेल सुविधाओं के प्रति विद्यार्थियों में बढ़ते उत्साह को दर्शाया।
विद्यालय की प्राचार्या कर्नल रीमा सोबती ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सैनिक स्कूल अंबिकापुर की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन, खेल गतिविधियों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण से कैडेट्स को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे। समारोह का समापन अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में स्थापित नई खेल सुविधा और परमवीर गैलरी को सैनिक स्कूल अंबिकापुर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो आने वाले समय में विद्यार्थियों के खेल कौशल, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक मजबूत करने में सहायक साबित होगी।

