अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को सप्ताह में दो दिन चलाने का फैसला, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत - vedantsamachar.in

अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को सप्ताह में दो दिन चलाने का फैसला, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

रायपुर, 24 जून 2026 (वेदांत समाचार)। उत्तर छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के संचालन को साप्ताहिक से बढ़ाकर द्विसाप्ताहिक (सप्ताह में दो दिन) करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस फैसले से लंबे समय से ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने की मांग कर रहे लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय के इस निर्णय का छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे सरगुजा संभाग और उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि यह फैसला क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने वाला है।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण रेल सेवा है। दिल्ली और देश के अन्य प्रमुख शहरों में शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, चिकित्सा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग इस ट्रेन का उपयोग करते हैं। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी, जिसे अब रेलवे मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है।

उन्होंने कहा कि ट्रेन के सप्ताह में दो दिन संचालन से यात्रियों को अधिक विकल्प और बेहतर सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं, उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों तथा गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली और अन्य बड़े शहरों की यात्रा करने वाले मरीजों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा। इससे वेटिंग की समस्या कम होगी और यात्रा की योजना बनाना भी आसान हो जाएगा।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। रेलवे के आधुनिकीकरण, नई ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं के विस्तार का लाभ अब सरगुजा जैसे क्षेत्रों तक भी पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।

मंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे मंत्रालय ने क्षेत्र की जनता की भावनाओं और आवश्यकताओं को समझते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर छत्तीसगढ़ को रेलवे क्षेत्र में और भी नई सुविधाएं, अतिरिक्त रेल सेवाएं तथा आधारभूत संरचना से जुड़ी नई परियोजनाएं मिलेंगी।

अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के द्विसाप्ताहिक संचालन की घोषणा के बाद सरगुजा संभाग के लोगों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस फैसले से दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों के साथ संपर्क और मजबूत होगा, जिससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।