सारंगढ़, 25 जून। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 14,700 रुपये नकद तथा 52 पत्तों की ताश की गड्डी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में जुआ और सट्टा के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि रानीसागर स्थित सुरेश सैलून के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अभिषेक सिंह, सुशील दास मानिकपुरी, सुरेश पटेल, सुजीत साहू, कैलाश पटेल, अमन वारे और वस्तु पटेल को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास एवं जुआ फड़ से 14,700 रुपये नकद और 52 पत्तों की ताश की गड्डी जब्त कर सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सहायक उपनिरीक्षक अंजान सिंह तथा पुलिसकर्मी संजय भारद्वाज और योगेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


