जांजगीर-चांपा, 24 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने 6 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी की गई कार भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई को पुलिस की त्वरित जांच, सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण और साइबर ट्रैकिंग का बड़ा परिणाम माना जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चांपा निवासी मिर्जा अफजल बेग ने 23 जून 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी ब्रेजा कार (CG 11 BS 5141) कुरदा शराब भट्टी के पास स्थित चखना दुकान के बाहर खड़ी थी। रात में वह दुकान के अंदर सो गए थे और कार की चाबी व मोबाइल फोन सिरहाने रखे हुए थे। सुबह नींद खुलने पर चाबी और कार दोनों गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना चांपा और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक दुकान के आसपास घूमते हुए और कार के पास आते-जाते दिखाई दिया।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कन्हैया कश्यप (26 वर्ष) निवासी चंडीपारा, पामगढ़ के रूप में हुई। पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो आरोपी फरार मिला। इसके बाद साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई और उसे हथनेवरा फोरलेन के पास से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि दुकान के अंदर सो रहे वाहन मालिक के सिरहाने से चाबी उठाकर कार लेकर फरार हो गया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई ब्रेजा कार बरामद कर जप्त कर ली।
पुलिस ने आरोपी कन्हैया कश्यप को 24 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 327/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, उप निरीक्षक बलवंत धृतलहरे, आरक्षक प्रदीप दुबे, सहबाज अहमद, माखन साहू और पद्मराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

