कोरबा, 24 जून 2026 (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभागीय उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित रेत और परिवहन में लगे वाहनों को जब्त किया है।
खनिज विभाग की टीम ने आज 24 जून को जिले के सलिहाभाटा, भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पोड़ी, कछार, चुहिया, बाल्को, कसनिया और कटघोरा सहित कई संदिग्ध क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते पाए गए एक टीपर और दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार बरमपुर, राताखार और कसनिया क्षेत्रों से जब्त किए गए वाहनों को सर्वमंगला पुलिस चौकी, रामपुर थाना और खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है। इसके अलावा कछार क्षेत्र में अवैध रूप से भंडारित रेत के दो बड़े स्टॉक भी जब्त किए गए, जिनमें 600 घन मीटर और 720 घन मीटर रेत शामिल है। वहीं सोनपुरी क्षेत्र में 300 घन मीटर अवैध रेत भंडारण को भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 1620 घन मीटर अवैध रेत विभाग के कब्जे में ली गई है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि अवैध खनन से न केवल प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचता है, बल्कि शासन को राजस्व हानि भी होती है। इसी कारण ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा अन्य संबंधित वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से जिले में सक्रिय खनिज माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

