दूल्हे सावधान! आकाशादित्य लामा की 'दुल्हनिया ले आएगी' में सबसे हटके अंदाज में नजर आईं खुशाली कुमार - vedantsamachar.in

दूल्हे सावधान! आकाशादित्य लामा की ‘दुल्हनिया ले आएगी’ में सबसे हटके अंदाज में नजर आईं खुशाली कुमार

  • ब्राइडल लुक में ट्विस्ट! आकाशादित्य लामा की ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज

मुंबई, 24 जून, 2026: फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ के निर्माताओं ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया है और इसके साथ ही दर्शकों को एक ऐसी दुल्हन से रूबरू कराया है, जो अब तक बड़े पर्दे पर शायद ही देखने को मिली हो। पोस्टर में खुशाली कुमार पारंपरिक ब्राइडल लुक में नजर आ रही हैं, लेकिन उनके अंदाज में एक अलग ही स्वैग है। शादी का जोड़ा, आँखों पर स्टाइलिश सनग्लासेस और चेहरे पर बेफिक्र आत्मविश्वास, यह फर्स्ट लुक साफ इशारा करता है कि यह दुल्हन बाकी सबसे बिल्कुल अलग है।

आकाशादित्य लामा के निर्देशन में बनी ‘दुल्हनिया ले आएगी’ में खुशाली कुमार के साथ पियूष मिश्रा और महेश मांजरेकर भी अहम् भूमिकाओं में नजर आएँगे। यह एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जिसकी कहानी एक ऐसी दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक खास मिशन और एक डेडलाइन के साथ आगे बढ़ती है। फिल्म में हास्य, भावनाएँ और कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलेंगे।

फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्देशक आकाशादित्य लामा ने कहा, “दुल्हनिया ले आएगी एक ऐसी कहानी है, जो परिवार, रिश्तों और उनसे जुड़ी तमाम उलझनों और मस्ती का जश्न मनाती है। इसके केंद्र में एक ऐसी दुल्हन है, जो दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखी होगी। हम चाहते थे कि पहला पोस्टर उसके व्यक्तित्व को दर्शाए, आत्मविश्वासी, अप्रत्याशित और सरप्राइज से भरी हुई। यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों का मनोरंजन करेगी और मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूँ कि लोग इस दुनिया का हिस्सा बनें।”

वहीं, खुशाली कुमार ने अपने किरदार और फिल्म के फर्स्ट लुक को लेकर उत्साह जाहिर करते हुए कहा, “जैसे ही मैंने इस फिल्म की कहानी सुनी, मुझे महसूस हुआ कि यह एक ऐसा किरदार है, जिसे मैं जरूर निभाना चाहती हूँ। वह बोल्ड है, आकर्षक है, भावुक है और सबसे खास बात यह कि वह जैसी है, वैसी ही रहने में विश्वास रखती है। उसकी यात्रा में कुछ बेहद खास और अनोखा है, जिसने मुझे इस फिल्म की ओर खींचा। यह पहला पोस्टर सिर्फ उसकी शख्सियत की एक झलक है। असली सरप्राइज तो अभी बाकी है।”

अपनी दिलचस्प कहानी, रंग-बिरंगे किरदारों और दमदार कलाकारों के साथ ‘दुल्हनिया ले आएगी’ पारिवारिक मनोरंजन की उस परंपरा को फिर से जीवंत करने का वादा करती है, जिसे दर्शक हमेशा से पसंद करते आए हैं। वहीं इसका आधुनिक और ताजगी भरा अंदाज इसे और भी खास बनाता है।

फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है और अब सभी यह जानने के लिए उत्साहित हैं कि आखिर यह ‘हटके दुल्हनिया’ बड़े पर्दे पर क्या धमाल मचाने वाली है।

तो तैयार हो जाइए, क्योंकि यह सबसे अलग दुल्हन 24 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने आ रही है, अपने साथ लेकर ढेर सारी हंसी, इमोशंस, ड्रामा और मनोरंजन।