अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना: श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाएगी साय सरकार, 3 जुलाई तक आवेदन का मौका - vedantsamachar.in

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना: श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाएगी साय सरकार, 3 जुलाई तक आवेदन का मौका

रायपुर, 23 जून 2026 (वेदांत समाचार)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रतिभावान बच्चों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों को उत्कृष्ट शैक्षणिक अवसर प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करना है।

योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को राज्य के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों की शैक्षणिक फीस, छात्रावास, भोजन, गणवेश, लेखन सामग्री और अन्य आवश्यक खर्चों का पूरा वहन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा किया जाएगा। इससे श्रमिक परिवारों को बच्चों की शिक्षा के आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल में अध्ययन का अवसर प्राप्त होगा।

राज्य सरकार का मानना है कि प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। इसी सोच के अनुरूप विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के कमजोर और श्रमिक वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जा रहा है। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है, जिससे श्रमिकों के बच्चों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा।

योजना का लाभ लेने के लिए पात्र एवं पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को श्रम विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया 22 जून से प्रारंभ हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की सुविधा श्रम विभाग के पोर्टल, निकटतम श्रम कार्यालय, लोक सेवा केंद्र तथा श्रमेव जयते एप के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने के लिए सक्षम बनाएगी तथा शिक्षा के माध्यम से सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।