रानी लक्ष्मीबाई सम्मान से सम्मानित होंगी वरिष्ठ पत्रकार डॉ. निर्मला शर्मा - vedantsamachar.in

रानी लक्ष्मीबाई सम्मान से सम्मानित होंगी वरिष्ठ पत्रकार डॉ. निर्मला शर्मा

कोरबा, 22 जून 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ की वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार और समाजसेविका डॉ. निर्मला शर्मा को उनके बहुआयामी सामाजिक, साहित्यिक एवं पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित रानी लक्ष्मीबाई सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन महिलाओं को प्रदान किया जाता है जिन्होंने समाज, साहित्य, संस्कृति, पत्रकारिता, फिल्म एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

डॉ. निर्मला शर्मा लंबे समय से कोरबा जिले में शिक्षा, समाज सेवा, पत्रकारिता और आध्यात्मिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने प्राचार्या, समाजसेविका, साहित्यकार, पत्रकार तथा आध्यात्मिक हीलर के रूप में समाज को महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की हैं। उनके कार्यों का प्रभाव न केवल कोरबा बल्कि पूरे प्रदेश में देखा गया है।डॉ. शर्मा विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक संस्थाओं में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। वे भारतीय रेलवे में डिवीजन और जोन स्तर पर रेलवे सलाहकार सदस्य रह चुकी हैं। इसके अलावा खाद्य मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा नामित होकर छत्तीसगढ़ प्रदेश की खाद्य सलाहकार समिति की सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।वर्तमान में डॉ. निर्मला शर्मा भारत की प्रतिष्ठित पत्रकार यूनियन आईएफडब्ल्यूजे (IFWJ) की नेशनल काउंसलर हैं। साथ ही वे ‘सृजन सुमन’ एवं ‘सजग निगाहें’ समाचार पत्र की संपादक के रूप में पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। इसके अतिरिक्त वे रेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त अंतर्राष्ट्रीय रेलवे उपभोक्ता कल्याण समिति की छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं।

डॉ. निर्मला शर्मा को रानी लक्ष्मीबाई सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे कोरबा जिले एवं पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया है।