जगदलपुर, 21 जून (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 1 किलो 566 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान निशा बघेल (23 वर्ष), पति सुनील बघेल, निवासी पनारापारा, जगदलपुर, जिला बस्तर के रूप में हुई है। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में जिले में नशे और अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पनारापारा चर्च के पीछे स्थित गली में एक महिला प्लास्टिक के सफेद झोले में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रही है।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया और तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम निशा बघेल बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक झोले से 1 किलो 566 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने जब आरोपी महिला से गांजा रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज या अनुमति मांगी तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। पूछताछ में महिला ने गांजा बिक्री करने की बात भी स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने गांजा को जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत कार्रवाई की।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि महिला को गांजा कहां से प्राप्त हुआ और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बस्तर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रानी सोनी एवं भूपेंद्र पैकरा, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद सिन्हा और मीना यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

