पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल का सदस्य अकलतरा से गिरफ्तार, ISI से संपर्क के मिले सबूत; टारगेट किलिंग की साजिश का खुलासा - vedantsamachar.in

पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल का सदस्य अकलतरा से गिरफ्तार, ISI से संपर्क के मिले सबूत; टारगेट किलिंग की साजिश का खुलासा

जांजगीर-चांपा, 21 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता मिली है। अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल के एक संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय सेवक सिंह पिता बलविंदर सिंह निवासी पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ अकलतरा थाना में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में बाहरी राज्यों के कई लोग किराए पर रह रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी किरायेदारों का सत्यापन शुरू किया।

जांच के दौरान सेवक सिंह का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। पूछताछ में उसने स्वयं को भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र के समीप का निवासी बताया, लेकिन उसके जवाबों में कई विरोधाभास पाए गए। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिलने का दावा किया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में था। वह व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशी नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार बातचीत कर रहा था।

जांच एजेंसियों को संदेह है कि आरोपी छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, सरकारी प्रतिष्ठानों, वाहनों के नंबर तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं की जानकारी पाकिस्तान स्थित हैंडलरों तक पहुंचा रहा था। इसके अलावा मोबाइल फोन से फोटो, वीडियो, व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड और कॉल रिकॉर्डिंग जैसे महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। डिजिटल साक्ष्यों की विस्तृत जांच के बाद पूरे नेटवर्क और उसके संपर्कों की जानकारी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हथियार मिलने के बाद उसे पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा बताए गए लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम देने का जिम्मा सौंपा जाना था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन तथ्यों की अंतिम पुष्टि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और संभावित सहयोगियों की पहचान करने में जुटी हुई हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।