रायपुर, 21 जून 2026 (वेदांत समाचार)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ मुख्यालय रायपुर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योगाभ्यास के दौरान विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित किया।
पावर कंपनी मुख्यालय स्थित लोड डिस्पेच सेंटर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के सदस्य विवेक गनोदवाले, पावर कंपनियों के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार तथा राजेश कुमार शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल देते हुए इसके शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी।

योग प्रशिक्षक डॉ. आनंद भारतीय ने निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक निदेशक संजय पटेल ने शीर्षासन और मयूरासन का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं नन्हीं बच्ची विराध्या वर्मा ने सेतुबंधासन का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गुढ़ियारी निवासी खेलन यादव ने बकासन तथा सेवानिवृत्त कर्मचारी मूल सजीवन शर्मा ने शीर्षासन का प्रदर्शन कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में डायटिशियन शिल्पी गोयल ने संतुलित आहार, पर्याप्त धूप, स्वच्छ हवा और शुद्ध जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवन के लिए इनके नियमित उपयोग की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि योग के साथ संतुलित जीवनशैली अपनाने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की कार्यालय सहायक अनिता गेडाम तथा जनरेशन कंपनी के अधीक्षण अभियंता एम.पी. नायक को विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक के.एस. मनोठिया, मुख्य अभियंता रश्मि वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एल. पंचारी, डीजीएम पंकज सिंह, अधीक्षण अभियंता पंकज चौधरी तथा सहायक अभियंता रजनीश चौबे सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीजीएम (जनसंपर्क) गोविन्द पटेल ने किया।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक एकाग्रता, सकारात्मक सोच और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, निरोग और तनावमुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।

