बलौदाबाजार,21 जून (वेदांत समाचार)। 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार 21 जून को जून को जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन नवीन कृषि उपज मण्डी परिसर बलौदाबाजार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल,विशिष्ट अतिथियों,अधिकारी -कर्मचारी एवं स्कूली बच्चों की उपस्थिति में ‘‘स्वस्थ्य आयु के लिए योग‘‘ आधारित थीम पर सामूहिक योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पर सांसद अग्रवाल ने स्वस्थ शरीर व नशामुक्ति की शपथ दिलाई ।
सांसद अग्रवाल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा क़ि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज विश्व के लगभग 177 देश के कोने कोने में योगाभ्यास किया जा रहा है।योग भारत की प्राचीन जीवन पद्धति है जिसमें वसुधैव कुटुंबकम की भावना समाहित है। योग ने केवल शारीरिक व मानसिक स्वस्थ को संतुलित करने का माध्यम है बल्कि जीवन में खुशहाली व समृद्धि भी लाता है। आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में बच्चे और युवा फ़ास्ट फ़ूड में ज्यादा रूचि लेते हैं,जिम जाते हैं। इस खान-पान से हमारा शरीर स्वस्थ नहीं रहता जिससे मानसिक तनाव उत्पन्न होता हैं। उन्होंने कहा क़ि सभी अधिकारी -कर्मचारी और विद्यार्थी योग को अपने दिनचर्या में शामिल करें,योग हमें निरोग और ख़ुशी प्रदान करता है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा क़ि योग हमारा अमूल्य धरोहर है। योग से तन -मन स्वस्थ होने के साथ ही अनुशासन और संयम सिखाता है। जीवन में शांति और समृद्धि के लिये ये सभी जरुरी है। योग को डेली रूटीन में अवश्य शामिल करना चाहिए। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान योग प्रशिक्षक दीपांशु प्रसून वर्मा एवं टीम के द्वारा योग विभिन्न योग आसनों एवं प्राणायाम का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास कराया गया। इसमें ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन, शवासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान सहित अनेक योग क्रियाएं शामिल हैं। इस अवसर पर नागरिकों को पौधे भी वितरित किये गये। जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही जिले के सभी विकासखंड,नगर पंचायत,ग्राम पंचायतों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।

