राजू तिवारी,दीपका/गेवरा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, गेवरा परियोजना में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी भैया-बहनों, आचार्य बंधु-भगिनियों तथा अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में न्यू बुक डिपो दीपका के संचालक संजय अग्रवाल एवं विद्यालय के पूर्व छात्र दुर्गेश सिंह क्षत्रिय विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य बजरंग लाल पटवा के नेतृत्व में योग शिक्षक दुर्गा प्रसाद स्वर्णकार ने विद्यार्थियों को योग, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी सहित विभिन्न लाभकारी योगासनों का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती पदमा एवं श्रीमती सावित्री द्वारा ॐ नाद, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर पूर्व छात्र दुर्गेश सिंह क्षत्रिय ने विद्यार्थियों के लिए चना प्रसाद का वितरण कराया।
अतिथि संजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है तथा इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। प्राचार्य बजरंग लाल पटवा ने शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग एवं व्यायाम करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास संभव है।

