बलौदाबाजार में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का शुभारंभ, पहले दिन ही उमड़े हितग्राही - vedantsamachar.in

बलौदाबाजार में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का शुभारंभ, पहले दिन ही उमड़े हितग्राही

0 राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा बोले – केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से बदला लोगों का जीवन स्तर

बलौदाबाजार,18 जून (वेदांत समाचार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के तहत गुरुवार को बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का शुभारंभ किया गया। नगर भवन में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने किया।

शिविर के उद्घाटन अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मंत्री वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा है कि समाज के हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में विशेष पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

18 जून से शुरू हुआ यह विशेष शिविर 20 जून 2026 तक चलेगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य विभिन्न केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण करना तथा उन्हें योजनाओं का तत्काल लाभ उपलब्ध कराना है।

शिविर के पहले दिन ही बड़ी संख्या में लोग पंजीकरण कराने पहुंचे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत हितग्राही स्वजाना डोंगरे और उर्मिला डोंगरे को मंच से चेक प्रदान किए गए। इससे हितग्राहियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार पहले दिन जिले के विभिन्न अनुविभागों से करीब 55 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शिविर के माध्यम से पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर में केंद्र और राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इनमें आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, कौशल विकास योजना तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर शिविर केंद्र बनाए हैं। बलौदाबाजार और भाटापारा में नगर भवन, सिमगा में सामुदायिक भवन, कसडोल में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का सभागार तथा पलारी में नगर भवन में पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।

कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे इन विशेष शिविरों में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।