नशे के खिलाफ छत्तीसगढ़ में प्रदेशव्यापी जनअभियान शुरू, 26 जून तक चलेगा ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ - vedantsamachar.in

नशे के खिलाफ छत्तीसगढ़ में प्रदेशव्यापी जनअभियान शुरू, 26 जून तक चलेगा ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’

रायपुर, 18 जून 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने और युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रदेशभर में 17 जून से 26 जून तक ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न विभागों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

समाज कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार ने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम “नशा मुक्त भारत अभियान-विकसित भारत की पहचान” रखी गई है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्त वातावरण का निर्माण करना है।

उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध जनभागीदारी को बढ़ावा देने और स्वस्थ समाज की स्थापना के लिए सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है। अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में सेमिनार, समूह चर्चा, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से नशे की लत छोड़ चुके लोगों की प्रेरणादायक सफलता की कहानियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मानव श्रृंखला, शपथ कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। वहीं खेल एवं युवा कल्याण विभाग युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से फुटबॉल और हॉकी प्रतियोगिताओं के साथ मैराथन दौड़ का आयोजन करेगा।

अभियान में नेहरू युवा केंद्र और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी। इनके सहयोग से जिला स्तर पर ओपन माइक प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, लोकगीत, भाषण प्रतियोगिता, समूह चर्चा और नशामुक्ति शपथ-पत्र वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर और जनजागरूकता सामग्री के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा।

इसी क्रम में गुरुवार को महानदी भवन मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से अपने परिवार, समाज और आसपास के लोगों को नशे के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

प्रदेश सरकार का मानना है कि नशा मुक्त भारत सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों से व्यापक जनजागरूकता का माहौल बनेगा और युवाओं को सकारात्मक जीवन मूल्यों, स्वस्थ जीवनशैली तथा सामाजिक जिम्मेदारियों की ओर प्रेरित करने में मदद मिलेगी। अभियान के माध्यम से नशे के खिलाफ सामूहिक जनआंदोलन खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे एक स्वस्थ, सुरक्षित और विकसित समाज का निर्माण हो सके।