आयकर विभाग में हुई ठगी मामले में एक और जालसाज गिरफ्तार

लखनऊ, 03 दिसम्बर । आयकर विभाग में नौकरी के नाम पर बेरोजगारों लोगों से हुई ठगी के मामले में हजरतगंज पुलिस ने शुक्रवार को एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने प्रियंका मिश्रा को गिरफ्तार जेल भेज चुकी है। थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि आयकर विभाग के जनसम्पर्क अधिकारी अनिन्द्य चौधरी ने मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि आयकर विभाग ने नौकरी के नाम पर प्रियंका मिश्रा नाम की महिला ने कई बेरोजगारों से ठगी की है। उसके सम्पर्क में कई अधिकारी भी संलिप्ता होने की बात सामने आयी थी। पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से कई नियुक्ति पत्र, विभाग की मुहर बरामद हुई थी।

उसे जेल भेजते हुए उसके सम्पर्क के लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा था। विवेचना के दौरान शाहजहांपुर निवासी सूरज मिश्रा का नाम प्रकाश में आया। पुलिस शुक्रवार को उसे वन विभाग के गेट नम्बर दो के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यायलाय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्याययिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभियुक्त सूरज मिश्रा प्रियंका से मिले नियुक्ति पत्रों को उम्मीदवारों को देने का काम करता था। मामले की जांच प्रचलित है और अभी कई गिरफ्तारियां होगी।