एवियन,16 जून । ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए फ्रांस पहुंचे हैं। जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर लूला ने सोमवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। राष्ट्रपति लूला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया और मैक्रों के निमंत्रण के लिए उन्हें धन्यवाद भी किया। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो के साथ लिखा, “एवियन में जी-7 समिट में हिस्सा लेने के निमंत्रण के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का बहुत-बहुत धन्यवाद।
ब्राजील बातचीत के लिए इस जरूरी जगह पर ग्लोबल साउथ की आवाज लेकर वापस आ रहा है और शांति, बहुपक्षवाद की रक्षा, सतत विकास और अधिक न्याय वाली दुनिया बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को फिर से सुनिश्चित कर रहा है।” एक अन्य पोस्ट में ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने बताया कि सोमवार (15 जून) को राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिला और उन्हें याद दिलाया कि 2003 में यहीं एवियन में उन्होंने पहली बार इस समूह के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था।
राष्ट्रपति लूला ने लिखा, मैंने जी-7 समिट में हिस्सा लेने के निमंत्रण के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और याद दिलाया कि 2003 में यहीं एवियन में मैंने पहली बार इस ग्रुप के समिट में हिस्सा लिया था। मैंने यह भी बताया कि इस साल यूएनआईटीएआईडी को बनाने की 20वीं सालगिरह है, यह एक ऐसा संगठन है जिसे मैंने और तत्कालीन राष्ट्रपति जैक्स शिराक ने 2006 में शुरू किया था।
उन्होंने कहा कि यूएनआईटीएआईडी का मकसद ग्लोबल साउथ के देशों के लिए दवाओं तक ज्यादा पहुंच को बढ़ावा देना था। यह असमानताओं से लड़ने और अंतरराष्ट्रीय एकता को सुनिश्चित करने का एक ठोस उदाहरण है।

