कोरबा,15 जून (वेदांत समाचर)। कोरबा पुलिस ने पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या प्रकरण का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी बलगी क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात में भी शामिल था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साकेत कॉलोनी जमनीपाली निवासी शुभम सिंह बघेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6-7 जून 2026 की दरमियानी रात उसके परिचित चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू को अज्ञात व्यक्तियों ने बोलेरो वाहन से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान चंद्रमणि की मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 500/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 103(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के शीघ्र खुलासे के लिए अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों को सीसीटीवी फुटेज की जांच, तकनीकी साक्ष्य जुटाने, संदिग्धों से पूछताछ और ह्यूमन इंटेलिजेंस विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की। लगातार तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजेंद्र साहू उर्फ कुनाल साहू (22 वर्ष) निवासी कड़ारी, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती एवं वर्तमान निवासी विकास नगर कुसमुंडा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेंद्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG-12 BD-5025 को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है।
विवेचना के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी उसी दिन थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र के बालगी में हुई डकैती की घटना में भी शामिल था। उल्लेखनीय है कि इस डकैती मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है तथा घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार और स्कूटी वाहन जब्त किए जा चुके हैं। वर्तमान आरोपी की गिरफ्तारी से डकैती प्रकरण की जांच को भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और अतिरिक्त साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।
कोरबा पुलिस ने बताया कि पूरे मामले के खुलासे में सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपराध और अपराधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
यह कार्रवाई कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।

