मुंबई। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना, जिन्होंने 26 फरवरी 2026 को एक भव्य और चर्चित सेलेब्रिटी वेडिंग की थी, अब अपनी एक खास पहल के जरिए फिर से लोगों का दिल जीत रहे हैं। ‘देवरकोंडा फाउंडेशन’ के माध्यम से दोनों ने तेलंगाना के आचमपेट मंडल के 9वीं और 10वीं कक्षा के मेधावी छात्रों को सम्मानित करने का अपना वादा पूरा किया है। यह पहल फरवरी में शुरू किए गए उनके उस व्यक्तिगत सपने का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देना और बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
विजय देवरकोंडा ने हाल ही में अपने एक्स (ट्विटर) पोस्ट में लिखा, “फरवरी में रश्मिका और मैंने एक छोटे से सपने की शुरुआत की थी… आचमपेट मंडल के मेहनती 9वीं और 10वीं के छात्रों को सम्मानित करने का… ये उन बच्चों के नाम है जिन्होंने अपने माता-पिता को गर्व महसूस कराया।”
इस खास मौके पर विजय देवरकोंडा अपनी पत्नी रश्मिका मंदाना के साथ तेलंगाना के थुम्मनपेट गांव भी पहुंचे, जो उनके लिए भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्थान है क्योंकि यह उनके पिता का जन्मस्थान है।
इसके बाद यह जोड़ी अब शहर की ओर रवाना हो चुकी है, जहां वे चयनित छात्रों को व्यक्तिगत रूप से पुरस्कार प्रदान करेंगे और उनके परिवारों के साथ इस उपलब्धि का जश्न मनाएंगे।
ऑन और ऑफ स्क्रीन अपनी मजबूत पहचान बनाने वाले इस पावर कपल ने शादी के बाद डिजिटल दुनिया में भी कई रिकॉर्ड बनाए हैं। उनकी शादी और हनीमून की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त रिकॉर्ड कायम किए, यहां तक कि वैश्विक खेल सितारों लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के वायरल पोस्ट्स को भी पीछे छोड़ दिया।
वर्क फ्रंट की बात करें तो फैंस जल्द ही विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना को एक बार फिर साथ में फिल्म ‘रणबाली’ में देखने के लिए उत्साहित हैं।

