ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त... - vedantsamachar.in

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त…

रायगढ़,14जून (वेदांत समाचार)। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खरसिया पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुभेष अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है और आईपीएल सहित विभिन्न क्रिकेट मैचों में सट्टा संचालन, रुपये के लेन-देन तथा हिसाब-किताब का काम करता था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला वर्ष 2025 में सामने आया था, जब थाना साइबर और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर खरसिया के नवीन स्कूल के पास गली रोड क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से सैमसंग गैलेक्सी एस-22 मोबाइल फोन और 21 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे।

मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले थे। जांच के दौरान ALLPANELEXCH और ALLPANELEXCH 9-CO नामक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से क्रिकेट मैचों में हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा खिलाए जाने का खुलासा हुआ था। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अंकित अग्रवाल ने अपने साथियों अमित अग्रवाल और सुभेष अग्रवाल के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा कारोबार संचालित करने की बात स्वीकार की थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी संगठित तरीके से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चला रहे थे। गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप के जरिए सट्टेबाजों से संपर्क करते थे और उन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट मैचों में दांव लगाने के लिए प्रेरित करते थे। सुभेष अग्रवाल इस नेटवर्क में सट्टे की रकम के लेन-देन और हिसाब-किताब की जिम्मेदारी संभालता था।

मामले में खरसिया थाना क्षेत्र में अपराध क्रमांक 203/2025 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी अंकित अग्रवाल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि सह-आरोपी अमित अग्रवाल और सुभेष अग्रवाल फरार चल रहे थे।

इसी दौरान ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी सुभेष अग्रवाल खरसिया क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटारोला कंपनी का जी-60 प्रो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी सुभेष अग्रवाल, निवासी रायगढ़ चौक खरसिया को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मामले का एक अन्य आरोपी अमित अग्रवाल अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि ऑनलाइन सट्टा जैसे संगठित अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चंद्रा, धनंजय कश्यप एवं सिदार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।