मोहल्ले में बुलडोजर लेकर पहुंची निगम की टीम, स्थानीय लोगों ने जमकर मचाया हंगामा, कार्रवाई जारी... - vedantsamachar.in

मोहल्ले में बुलडोजर लेकर पहुंची निगम की टीम, स्थानीय लोगों ने जमकर मचाया हंगामा, कार्रवाई जारी…

धमतरी,13 जून (वेदांत समाचार). धमतरी में कथित गौ मांस मिलने के मामले के बाद माहौल गरमाया हुआ है. इस बीच हिंदू संगठन की मांग के बाद निगम टीम आज साल्हेवार पारा वार्ड के गाड़ापारा में अतिक्रमण हटाने बुलडोजर लेकर पहुंची. कार्रवाई की शुरूआत में ही स्थानीय लोग विरोध करने लगे. मौके पर हंगामे की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया. विरोध के चलते बुलडोजर कार्रवाई कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी, हालांकि निगम अमला हथौड़ों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखता रहा.

इस दौरान प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच लगातार तनातनी का माहौल बना रहा. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई. अतिक्रमणकारियों का आरोप है कि बिना पर्याप्त समय, उचित नोटिस और वैकल्पिक व्यवस्था के उनके मकानों को हटाया जा रहा है. वहीं, नगर निगम अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी किया जा चुका था और यह कार्रवाई पहले से तय प्रक्रिया के तहत की जा रही है. निगम के मुताबिक क्षेत्र में करीब आठ मकानों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना है. विरोध और हंगामे के बीच कुछ समय के लिए कार्रवाई प्रभावित हुई, लेकिन प्रशासन की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहा. फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस बल की निगरानी में निगम की कार्रवाई जारी है.

86 किलो पशु मांस हुआ था बरामद


दरअसल, हिंदू जागरण मंच ने 11 जून को पुलिस के पास साल्हेवारपारा वार्ड के गाड़ापारा में घर के सामने एक व्यक्ति द्वारा अवैध ढंग से गौ मांस को काटने की जानकारी दी थी. उन्होंने बताया कि मंच के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे. इस दौरान एक व्यक्ति बस्ती के अंदर गौ मांस काटाते हुए दिखाई दिया. गौ सेवकों को वह व्यक्ति देखकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मांस को जब्त किया गया. घटना की जांच के लिए पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. सुरेंद्र मरकाम और डॉ. मयंक पटेल भी मौके पर पहुंचे थे. प्रारंभिक जांच में करीब 86 किलो पशु मांस बरामद होने की पुष्टि हुई है. हालांकि, यह मांस गाय का है या किसी अन्य पशु का, इसकी पुष्टि के लिए सैंपल हैदराबाद के लैब में भेजे जाएंगे. अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मांस की वास्तविक पहचान स्पष्ट हो सकेगी.