रायगढ़, 13 जून (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 43.600 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग को मिली शिकायत के आधार पर आबकारी उप निरीक्षक अंकित अग्रवाल एवं उनकी टीम ने आबकारी वृत्त रायगढ़ (उत्तर) क्षेत्र में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने कोतरारोड थाना क्षेत्र अंतर्गत भातपुर निवासी गोपीचंद यादव के मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मकान से 43.600 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई, जिसे आरोपी द्वारा अवैध रूप से अपने कब्जे में रखा गया था।
आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आबकारी अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

