0.अवैध पार्किंग से यातायात प्रभावित, राहगीरों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा
कोरबा,13 जून (वेदांत समाचार) । दीपका-हरदीबाजार बाईपास मार्ग इन दिनों स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। कोयला परिवहन एवं औद्योगिक गतिविधियों में लगे भारी ट्रेलर वाहनों द्वारा सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े किए जाने से आए दिन लंबा जाम लग रहा है। हालात ऐसे हैं कि सुबह और शाम के व्यस्त समय में लोगों को घंटों तक जाम में फंसना पड़ रहा है।
दीपका क्षेत्र कोयला खदानों और औद्योगिक इकाइयों का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रमिक, कर्मचारी, व्यापारी और आम नागरिक रोजगार एवं अन्य कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। लेकिन मुख्य मार्ग पर ट्रेलरों की अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। कई बार सड़क का बड़ा हिस्सा भारी वाहनों के कब्जे में होने से अन्य वाहनों के लिए निकलना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े ट्रेलर वाहनों से दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। विशेषकर रात के समय और मोड़ों के आसपास खड़े वाहनों के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होने का खतरा बढ़ जाता है। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन यातायात पुलिस और संबंधित प्रशासनिक विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके चलते ट्रेलर चालकों के हौसले बुलंद हैं और मुख्य मार्ग पर वाहनों की अवैध पार्किंग लगातार जारी है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग यार्ड की व्यवस्था की जाए, मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा पीक ऑवर्स के दौरान भारी वाहनों के आवागमन एवं पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

