रायगढ़, 13 जून (वेदांत समाचार)। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए रायगढ़ पुलिस ने “अभियान संवेदना” के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को पूंजीपथरा पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने 11 जून 2026 को थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि फरवरी 2025 में उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से सागर सारथी नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए युवती से प्रेम संबंध स्थापित किया और शादी का भरोसा दिलाया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने जुलाई 2025 में उसे तराईमाल स्थित अपने क्वार्टर में बुलाया और पत्नी बनाकर रखने तथा विवाह करने का वादा करते हुए उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लगातार उसे पत्नी की तरह अपने साथ रखता रहा और उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
शिकायत में युवती ने बताया कि अगस्त 2025 में वह गर्भवती हो गई थी। इसके बाद आरोपी ने उसका पालन-पोषण करने में असमर्थता जताते हुए उसे उसके घर भेज दिया। हालांकि वह लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा और उसके घर भी आता-जाता रहा।
मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब युवती ने आरोपी से अपने साथ रखने की बात कही। तब आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी गर्भवती है। आरोपी ने युवती से अपने परिजनों को कहीं और शादी कराने की बात कहने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता की शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज किया गया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी सागर सारथी को सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल से हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पीड़िता के साथ प्रेम संबंध होने और उसे गर्भवती करने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर सारथी (25 वर्ष), निवासी ग्राम चांदागढ़ (तमता), तहसील पत्थलगांव, जिला जशपुर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल में रह रहा था।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस टीम की तत्परता और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना भी की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

