कोरबा, 13 जून (वेदांत समाचार)। शहर के मुड़ापार बेरियर के समीप केरियर पब्लिक स्कूल जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से जारी अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच की गई इस कार्रवाई में कई अवैध कब्जों को हटाया गया। निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार एसईसीएल मुड़ापार बेरियर के आसपास सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किए जाने की शिकायतें लगातार प्रशासन और नगर निगम को मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि कुछ लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। शिकायतों के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई और कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
इसी क्रम में शुक्रवार सुबह नगर निगम की टीम बुलडोजर और अन्य संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान मानिकपुर चौकी पुलिस की टीम भी तैनात रही ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस कार्रवाई में कई अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध दर्ज कराने का प्रयास किया। विशेष रूप से कुछ महिलाओं ने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई रोकने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया। प्रशासन की सख्ती के चलते विरोध बेअसर रहा और निर्धारित कार्रवाई पूरी की गई।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। मानसून सीजन नजदीक होने के कारण बारिश के दौरान जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले सकती थी। इसके अलावा सड़क और सार्वजनिक सुविधाओं पर भी असर पड़ रहा था। इन्हीं कारणों को ध्यान में रखते हुए अवैध कब्जों को हटाने का निर्णय लिया गया।
सूत्रों के अनुसार नगर निगम और प्रशासन ने शहर के अन्य इलाकों में भी ऐसे अतिक्रमणों की पहचान की है। आने वाले दिनों में वहां भी अभियान चलाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई को मानसून पूर्व अतिक्रमण हटाओ अभियान का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाना और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए शहर में अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की मांग की है।

