BREAKING : शादी की जिद बनी मौत की वजह! प्रेमी ने गन्ने के खेत में की नर्स की हत्या, 15 दिन बाद दफन शव बरामद... - vedantsamachar.in

BREAKING : शादी की जिद बनी मौत की वजह! प्रेमी ने गन्ने के खेत में की नर्स की हत्या, 15 दिन बाद दफन शव बरामद…

बिजनौर,13 जून। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। मुंबई की 35 वर्षीय तलाकशुदा नर्स सना अपने प्रेमी से शादी की उम्मीद लेकर बिजनौर पहुंची थी, लेकिन उसे जीवनसाथी नहीं बल्कि मौत मिली। आरोप है कि प्रेमी फैसल अंसारी ने शादी के दबाव से परेशान होकर उसकी हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में दफना दिया। करीब 15 दिन बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, सैफपुर खादर गांव निवासी फैसल अंसारी मुंबई में एक सैलून में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात ओशीवारा निवासी सना से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। बताया जा रहा है कि सना इस रिश्ते को लेकर गंभीर थी और फैसल से शादी करने के लिए उसने अपने पति से तलाक भी ले लिया था।

ईद के दौरान फैसल अपने गांव बिजनौर आया हुआ था। इसी बीच 29 मई को सना भी उससे मिलने और शादी की बात करने बिजनौर पहुंची। जांच में सामने आया है कि सना लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जबकि फैसल इससे बचना चाहता था।

आरोप है कि फैसल सना को बाइक पर बैठाकर मंडावर थाना क्षेत्र के फतेहपुर सभाचंद जंगल स्थित गन्ने के खेत में ले गया, जहां उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को खेत में दफना दिया और वापस मुंबई लौट गया।

जब सना का परिवार उससे संपर्क नहीं कर पाया तो 2 जून को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस को सना की आखिरी लोकेशन और कॉल डिटेल्स से फैसल पर शक हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

इसके बाद मुंबई पुलिस आरोपी को लेकर बिजनौर पहुंची। मंडावर पुलिस की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर गन्ने के खेत में खुदाई कराई गई, जहां से सना का लगभग 15 दिन पुराना शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मंडावर थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई जारी है।