बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कूटी से 15 किलो गांजा तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, 8.26 लाख की संपत्ति जब्त - vedantsamachar.in

बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कूटी से 15 किलो गांजा तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, 8.26 लाख की संपत्ति जब्त

जगदलपुर, 13 जून (वेदांत समाचार)। बस्तर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बोधघाट पुलिस और ब्लैक पैथर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्कूटी से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.110 किलोग्राम अवैध गांजा, स्कूटी, मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 8 लाख 26 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया है।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना बोधघाट क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 17 KY 3495 से नेतानार की ओर से बाईपास होते हुए लामनी रोड के रास्ते बोधघाट चौक की तरफ आ रहे हैं और अपने पास रखे बैग में अवैध गांजा लेकर जगदलपुर में बिक्री के लिए परिवहन कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार तथा थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। बोधघाट पुलिस और ब्लैक पैथर की संयुक्त टीम ने लामनी रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।

कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की एक्टिवा स्कूटी दिखाई देने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सुनील कश्यप (28 वर्ष) निवासी ग्राम नानगुर थाना नानगुर जिला बस्तर तथा सागर कश्यप (22 वर्ष) निवासी ग्राम नेगीगुड़ा थाना परपा जिला बस्तर बताया।

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के पास मौजूद दो पिट्ठू बैगों से कुल 15.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 7 लाख 55 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा स्कूटी, दो पुराने टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 8 लाख 26 हजार 600 रुपये आंकी गई है।

जांच के दौरान आरोपी गांजा रखने और परिवहन करने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित नेगी, लोकेश्वर नाग, पीएसआई नागेंद्र सिंह, प्रिया यादव, निर्मला सिदार, सहायक उप निरीक्षक सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, पवन श्रीवास्तव तथा आरक्षक दीपक मिंज, राम ठाकुर, परमानंद भोयर, मनोज और चुरेंद्र सहित बोधघाट पुलिस एवं ब्लैक पैथर टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।