फिटनेस, अनुशासन और थोड़ी-सी मौज-मस्ती! सोनी सब के कलाकारों ने अपने पसंदीदा 'चीट मील्स' के बारे में बताया - vedantsamachar.in

फिटनेस, अनुशासन और थोड़ी-सी मौज-मस्ती! सोनी सब के कलाकारों ने अपने पसंदीदा ‘चीट मील्स’ के बारे में बताया

मुंबई, 09 जून, 2026: स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखना अनुशासन, सोच-समझकर खाने और निरंतरता की माँग करता है, लेकिन हर किसी का एक ऐसा चीट मील होता है, जो सारी मेहनत को सार्थक बना देता है। फिटनेस और संतुलित खानपान सोनी सब के कलाकार इक़बाल खान, मुस्कान बामने, तोरल रसपुत्रा और गुलकी जोशी की दिनचर्या का अहम् हिस्सा है, लेकिन वे मानते हैं कि कभी-कभी की गई छोटी-सी इंडल्जेंस भी उतनी ही ज़रूरी है। आराम देने वाले क्लासिक्स से लेकर लज़ीज़ स्ट्रीट फूड और स्वादिष्ट डेज़र्ट तक, ये कलाकार बताते हैं कि कौन-सी ट्रीट उन्हें सबसे ज़्यादा खुशी देती है।

इक़बाल खान, जो यादें में डॉ. देव का किरदार निभा रहे हैं, ने साझा किया, “मैं आमतौर पर साफ-सुथरा खाने और फिटनेस रूटीन में अनुशासन बनाए रखने की कोशिश करता हूँ, लेकिन यदि कोई चीट मील है, जिसे मैं कभी मना नहीं कर सकता, तो वह बिरयानी है। एक अच्छी तरह से बनी बिरयानी खाने का मज़ा ही अलग होता है। मेरा मानना है कि फिटनेस का मतलब बैलेंस है और कभी-कभी अपने पसंदीदा खाने का मज़ा लेना बिल्कुल ठीक है।”

गुलकी जोशी, जो यादें में डॉ. सृष्टि अग्रवाल का किरदार निभा रही हैं, ने कहा, “मैं खाने को लेकर सजग रहने की कोशिश करती हूँ, लेकिन मुझे मीठा बहुत पसंद है। मेरा चीट मील अक्सर किसी रिच चॉकलेट डेज़र्ट से जुड़ा होता है, चाहे वह केक हो, ब्राउनी हो या आइसक्रीम। मेरा मानना है कि फिटनेस कभी सज़ा जैसी नहीं लगनी चाहिए। यदि आप अपने रूटीन में लगातार बने रहते हैं, तो कभी-कभी खुद को ट्रीट देने के बिल्कुल हकदार हैं।”

मुस्कान बामने, जो पुष्पा इम्पॉसिबल में शनाया का किरदार निभा रही हैं, ने साझा किया, “मैं खाने को लेकर सजग रहने की कोशिश करती हूँ, लेकिन पानीपुरी मेरी सबसे बड़ी कमजोरी है। चाहे मैं अपने डाइट में कितनी भी अनुशासित रहूँ, पानीपुरी को कभी मना नहीं कर सकती। मेरे लिए चीट मील्स का मतलब है अपने पसंदीदा खाने का मज़ा लेना और बाकी समय बैलेंस बनाए रखना। पानीपुरी मेरी सबसे पसंदीदा ट्रीट है।”

तोरल रसपुत्रा, जो हस्तिनापुर के वीर में कुंती का किरदार निभा रही हैं, ने कहा, “मेरे लिए फिटनेस एक जीवनशैली है, न कि कोई बंधन। मेरा पसंदीदा चीट मील है घी के साथ गरमागरम दाल-चावल और उसके बाद कोई मीठा डेज़र्ट। कभी-कभी वही खाना जो आपको खुशी देता है, आपको भावनात्मक रूप से भी मज़बूत करता है। असली राज़ है संतुलन और संयम।

सोनी सब पर देखिए यादें, हस्तिनापुर के वीर और पुष्पा इम्पॉसिबल।”