जशपुर, 08 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में निर्माणाधीन जगदेव राम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय का रविवार को जिले के प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल भवन के निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तेज गति से संचालित किए जाने पर अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि अस्पताल के पूर्ण होने के बाद जशपुर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी। यह चिकित्सालय क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र साबित होगा, जहां आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध होंगी।
अंकित आनंद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा तय समय-सीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है और यह अस्पताल उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रोहित व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, एसडीएम जशपुर विश्वास राव मस्के, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता प्रफुल्ल चौरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि इस अत्याधुनिक चिकित्सालय का निर्माण एनटीपीसी लारा की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) निधि से लगभग 35 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। अस्पताल का भूमिपूजन 7 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया गया था। वर्तमान में छह मंजिला भवन के ग्राउंड फ्लोर सहित चार मंजिलों की ढलाई का कार्य पूरा हो चुका है और निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रस्तावित 100 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक प्रबंध किया जाएगा। ग्राउंड फ्लोर पर इमरजेंसी सेवाएं, प्रथम तल पर ओपीडी, द्वितीय और तृतीय तल पर वार्ड, चतुर्थ तल पर आईसीयू तथा पंचम तल पर ऑपरेशन थियेटर स्थापित किए जाएंगे।
अस्पताल में 15 ओपीडी कक्ष, 4 आईसीयू, 4 ऑपरेशन थियेटर, फिजियोथेरेपी यूनिट, पैथोलॉजी लैब, सीटी स्कैन, डायलिसिस, एक्स-रे, एमआरआई, ईसीजी, इमरजेंसी वार्ड सहित अन्य अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। अस्पताल के शुरू होने के बाद जशपुर जिले और आसपास के हजारों लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

