भारत में लॉन्च हुआ OnePlus Nord 6, 9000mAh बैटरी और पावरफुल प्रोसेसर के साथ मिड रेंज में मचाएगा धमाल

स्मार्टफोन ब्रांड वनप्लस ने मंगलवार को भारत में अपना नया स्मार्टफोन OnePlus Nord 6 लॉन्च कर दिया है, जो दमदार फीचर्स के साथ आता है. कंपनी ने इसे गेमिंग फोन के तौर पर पेश किया है. फोन में Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर और बड़ी 9000mAh बैटरी दी गई है, जो इसे खास बनाती है. कंपनी ने इसमें हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और बेहतर कैमरा सेटअप भी दिया है. मिड रेंज सेगमेंट में यह फोन परफॉर्मेंस और बैटरी के मामले में बड़ा बदलाव ला सकता है. चलिए जानते हैं इसकी कीमत और फीचर्स के बारे में…

भारत में कितनी है कीमत
OnePlus Nord 6 को भारत में दो वेरिएंट में लॉन्च किया गया है. इसका बेस मॉडल 8GB रैम और 256GB स्टोरेज के साथ 38,999 रुपये में आता है, जबकि 12GB रैम वेरिएंट की कीमत 41,999 रुपये रखी गई है. यह फोन 9 अप्रैल से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा और Fresh Mint, Pitch Black और Quick Silver कलर ऑप्शन में आएगा. बैंक ऑफर्स के तहत Axis और HDFC बैंक कार्ड पर डिस्काउंट भी दिया जा रहा है.

ग्राहकों को Axis Bank के क्रेडिट कार्ड पर 2,000 रुपये की छूट मिल सकती है. इसके अलावा Axis Bank तथा HDFC Bank के क्रेडिट कार्ड पर (EMI ट्रांजैक्शन पर) 3,000 रुपये की छूट भी ले सकते हैं. इससे, 8GB और 12GB वेरिएंट वाले हैंडसेट की कीमत घटकर क्रमशः 35,999 रुपये और 38,999 रुपये हो जाती है.

डिस्प्ले और परफॉर्मेंस में बड़ा अपग्रेड
वनप्लस नॉर्ड 6 में 6.78 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 165Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है. इसके साथ 1.5K रिजोल्यूशन और 3600 निट्स तक की ब्राइटनेस मिलती है. फोन Android 16 आधारित OxygenOS 16 पर चलता है और कंपनी ने 4 साल के OS अपडेट और 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट का वादा किया है. इसमें Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर और Adreno GPU मिलता है, जो गेमिंग और मल्टीटास्किंग के लिए काफी पावरफुल है. साथ ही बेहतर कूलिंग के लिए बड़ा हीट डिसिपेशन सिस्टम भी दिया गया है.

कैमरा और स्मार्ट फीचर्स
OnePlus Nord 6 में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलता है, जिसमें 50 मेगापिक्सल का Sony LYT 600 सेंसर दिया गया है. इसके साथ 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड कैमरा भी मिलता है, जिससे वाइड शॉट्स आसानी से लिए जा सकते हैं. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है. फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर्स और OReality ऑडियो सपोर्ट मिलता है, जिससे साउंड एक्सपीरियंस बेहतर होता है. इसके अलावा Plus Key फीचर भी दिया गया है, जो यूजर्स को स्क्रीन कंटेंट को सेव करने में मदद करता है.

बैटरी और कनेक्टिविटी फीचर्स
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 9000mAh बैटरी है, जो लंबे समय तक चलने का दावा करती है. इसमें 80W फास्ट चार्जिंग और 27W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट भी दिया गया है. फोन में IP66, IP68 और IP69 रेटिंग मिलती है, जिससे यह पानी और धूल से सुरक्षित रहता है. इसके अलावा MIL STD 810H सर्टिफिकेशन भी दिया गया है. फोन में इन डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी मिलता है.