KORBA BREAKING : नशे में धुत युवकों की कार दुकान में घुसी, बड़ा हादसा टला…

कोरबा,08 अप्रैल (वेदांत समाचार)। शहर के सोनालिया चौक के पास बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार अचानक एक मोबाइल दुकान में जा घुसी। घटना के समय दुकान के पास मौजूद राहगीर और दुकानदार बाल-बाल बच गए। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पहले सड़क पर चल रहे एक बाइक सवार को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी और सीधे दुकान में घुस गई। कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पा रहा था, जिससे उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए स्थानीय लोगों ने कार में सवार तीन युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, कार में सवार युवक शराब के नशे में थे। इस हादसे में दुकान को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं बाइक सवार को भी हल्की चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कार पिछले करीब आधे घंटे से सोनालिया चौक और आसपास के इलाकों में तेज रफ्तार से दौड़ रही थी। टीपी नगर क्षेत्र में स्थित शराब दुकान के पास भी इन युवकों द्वारा उत्पात मचाने की बात सामने आई है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।