सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 26 चालकों पर कार्रवाई - vedantsamachar.in

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 26 चालकों पर कार्रवाई

5 कार चालक और 21 बाइक सवार नशे की हालत में मिले, सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान जारी

कोरबा, 06 जून 2026। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और यातायात इकाइयों द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान में कुल 26 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में कई स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान 05 चार पहिया वाहन चालक और 21 दो पहिया वाहन चालक शराब के प्रभाव में वाहन चलाते मिले। सभी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

कोरबा पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना शामिल है। नशे की स्थिति में चालक की निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई होती है और प्रतिक्रिया देने का समय बढ़ जाता है। ऐसे में अचानक उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों में वाहन पर नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब सेवन के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।