जांजगीर-चांपा, 04 जून (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने झपटमारी की एक बड़ी वारदात का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना साइबर पुलिस एवं चौकी नैला की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से झपटमारी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा हो सका।
जानकारी के अनुसार, कन्हाईबंद निवासी चंद्रहास यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह साइकिल से काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान नैला के कन्हाईबंद रोड स्थित शनि होटल के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और गले में पहना सोने का लॉकेट झपट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट करने की भी कोशिश की और मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना और चौकी नैला पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हेमंत सारथी, कोमल कश्यप और एक नाबालिग झपटमारी के सामान को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वारदात वाले दिन वे सीडी डीलक्स बाइक से नैला रेलवे फाटक पार कर कन्हाईबंद की ओर जा रहे थे। शनि होटल के पास उन्होंने एक युवक को साइकिल पर मोबाइल से बात करते देखा और उसे निशाना बनाने की योजना बनाई। इसके बाद युवक को रोककर मोबाइल और सोने का लॉकेट लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए। आरोपियों की योजना लूटे गए सामान को बेचकर रकम आपस में बांटने की थी।
पुलिस ने मामले में जांजगीर के सारथी मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय हेमंत सारथी और नैला के जुना तालाब क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय कोमल कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी प्रकरण में शामिल पाया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट बरामद कर लिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी नैला निरीक्षक रंजीत कंवर, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान, आरक्षक माखन साहू, प्रदीप दुबे, मोहम्मद शाहबाज, प्रधान आरक्षक रूद्र कश्यप, राधेश्याम पूर्णा, आरक्षक भुनेश्वर पटेल, जयप्रकाश टंडन, डीकेश्वर साहू, संतोष प्रधान, राजू, चंद्रशेखर तथा महिला आरक्षक रुकमणी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

