जांजगीर-चांपा, 02 जून (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हंगामा करने, पुलिस कर्मियों से गाली-गलौज करने, धक्का-मुक्की करने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पुलिस स्टाफ को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी थी, जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार चौबे (34 वर्ष) निवासी ग्राम सेमरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। घटना 1 जून 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है।
बताया गया कि पंकज कुमार चौबे पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित अजाक-जवाक शाखा में एक आवेदन लेकर पहुंचा था। उसने आवेदन जमा करने के बाद तत्काल पावती देने की मांग की। ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिस कर्मी द्वारा आवेदन को पढ़कर नियमानुसार पावती देने की बात कही गई, जिस पर आरोपी भड़क गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने महिला कर्मचारी से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि आवेदन पढ़ने का अधिकार उसे किसने दिया है और तत्काल पावती देने का दबाव बनाने लगा। जब स्टाफ ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की बात कही तो वह और अधिक आक्रोशित हो गया तथा कार्यालय परिसर में ही अश्लील गालियां देने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही कार्यालय में मौजूद अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 405/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 221, 121(1), 132, 296 और 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी तथा आरक्षक नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत, दिलीप सिंह और तोरन डहरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

