जांजगीर-चांपा, 2 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में सोमवार को बड़ी संख्या में लोग अपनी मांगों और शिकायतों को लेकर पहुंचे। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान कुल 91 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड, पेंशन और अतिक्रमण जैसे विभिन्न मुद्दे शामिल रहे।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा प्रत्येक मामले का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनदर्शन में तहसील सारागांव के ग्राम कोसमंदा निवासी बलराम राठौर ने राशन कार्ड से संबंधित समस्या को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम देवरी निवासी राजकुमारी यादव ने भूमि सीमांकन कराने की मांग रखी। तहसील नवागढ़ के ग्राम उदयभांठा निवासी अमित कुमार शर्मा ने अपनी कृषि भूमि के सामने किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए आवेदन दिया। इसी प्रकार तहसील पामगढ़ के ग्राम मुड़पार च निवासी खोलबहरी पटेल ने असंगठित कर्मकार मृत्यु दिव्यांग सहायता योजना की राशि दिलाने की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।
इसके अलावा जनदर्शन में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पेंशन स्वीकृति, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, राशन कार्ड बनाने एवं सुधार, आधार कार्ड में त्रुटि सुधार, अतिक्रमण हटाने, भूमि सीमांकन कराने और अन्य जनहित से जुड़े मामलों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर श्री महोबे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसामान्य की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाता है।
जिले में आयोजित इस साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से एक बार फिर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं और समाधान की उम्मीद जताई। प्रशासन ने भी सभी आवेदनों के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया है।

