गेवरा खदान से 6 हजार लीटर डीजल चोरी का मामला: मुख्य आरोपी नवीन कश्यप समेत तीन गिरफ्तार, दो स्कॉर्पियो जब्त - vedantsamachar.in

गेवरा खदान से 6 हजार लीटर डीजल चोरी का मामला: मुख्य आरोपी नवीन कश्यप समेत तीन गिरफ्तार, दो स्कॉर्पियो जब्त

कोरबा 2 जून 2026 (वेदांत समाचार)। एसईसीएल की गेवरा खदान से 6 हजार लीटर डीजल चोरी के चर्चित मामले में दीपका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नवीन कश्यप और उसके गैंग के दो अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को जांजगीर क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा गया। इस मामले में पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2026 को गेवरा खदान से डीजल चोरी की घटना सामने आने के बाद दीपका थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी नवीन कश्यप और उसके साथी आदतन अपराधी हैं तथा लंबे समय से डीजल चोरी की वारदातों में संलिप्त रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य एसईसीएल की कुसमुंडा, गेवरा और दीपका परियोजनाओं में डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है। इस संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में नवीन कश्यप (34) निवासी शांति नगर बलगी, शब्बीर मेमन (35) निवासी गांधी चौक, गेवरा बस्ती कुसमुंडा तथा परमेश्वर सारथी (28) निवासी शांति नगर बलगी शामिल हैं। वारदात के बाद से तीनों आरोपी फरार थे और जांजगीर क्षेत्र में छिपकर रह रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त की हैं। इनमें वाहन क्रमांक सीजी 12 बीयू 6064 तथा सीजी 28 पी 6555 शामिल हैं।

आरोपियों के विरुद्ध एक प्रकरण में धारा 111 एवं 303 बीएनएस तथा दूसरे प्रकरण में धारा 329(2), 303(2), 338, 336(3), 340 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि डीजल चोरी मामले में मुख्य आरोपी नवीन कश्यप गैंग सहित तीन आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि मामले में पूर्व में 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा डीजल चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।